The Monkey and The Wedge Story
बन्दर और लकड़ी का खूंटा
एक समय शहर से कुछ ही दूरी पर एक मंदिर का निर्माण किया जा रहा था। मंदिर में लकड़ी का काम बहुत था, इसलिए लकड़ी चीरने वाले बहुत से मज़दूर काम पर लगे हुए थे। यहां-वहां लकड़ी के लठ्ठे पड़े हुए थे और लठ्ठे व शहतीर चीरने का काम चल रहा था।

सारे मज़दूरों को दोपहर का भोजन करने के लिए शहर जाना पड़ता था, इसलिए दोपहर के समय एक घंटे तक वहां कोई नहीं होता था।
एक दिन खाने का समय हुआ तो सारे मज़दूर काम छोड़कर चल दिए। एक लठ्ठा आधा चिरा रह गया था। आधे चिरे लठ्ठे में मज़दूर लकड़ी का कीला फंसाकर चले गए। ऐसा करने से दोबारा आरी घुसाने में आसानी रहती है।

तभी वहां बंदरों का एक दल उछलता-कूदता आया। उनमें एक शरारती बंदर भी था, जो बिना मतलब चीज़ों से छेड़छाड़ करता रहता था। पंगे लेना उसकी आदत थी।
बंदरों के सरदार ने सबको वहां पड़ी चीज़ों से छेड़छाड़ न करने का आदेश दिया। सारे बंदर पेड़ों की ओर चल दिए, पर वह शैतान बंदर सबकी नज़र बचाकर पीछे रह गया और लगा अड़ंगेबाज़ी करने।

उसकी नज़र अधचिरे लठ्ठे पर पड़ी। बस, वह उसी पर पिल पड़ा और बीच में अड़ाए गए कीले को देखने लगा। फिर उसने पास पड़ी आरी को देखा। उसे उठाकर लकड़ी पर रगड़ने लगा।
उससे “किर्रर्र-किर्रर्र” की आवाज़ निकलने लगी तो उसने गुस्से से आरी पटक दी। उन बंदरों की भाषा में “किर्रर्र-किर्रर्र” का अर्थ ‘निखट्टू’ था। वह दोबारा लठ्ठे के बीच फंसे कीले को देखने लगा।

उसके दिमाग में कौतूहल होने लगा कि इस कीले को लठ्ठे के बीच में से निकाल दिया जाए तो क्या होगा? अब वह कीले को पकड़कर उसे बाहर निकालने के लिए ज़ोर आज़माइश करने लगा।
लठ्ठे के बीच फंसाया गया कीला तो दो पाटों के बीच बहुत मज़बूती से जकड़ा गया होता है, क्योंकि लठ्ठे के दो पाट बहुत मज़बूत स्प्रिंग वाले क्लिप की तरह उसे दबाए रहते हैं।

बंदर खूब ज़ोर लगाकर उसे हिलाने की कोशिश करने लगा। कीला ज़ोर लगाने पर हिलने व खिसकने लगा तो बंदर अपनी शक्ति पर खुश हो गया। वह और ज़ोर से खौं-खौं करता कीला सरकाने लगा।
इस धिंगामुश्ती के बीच बंदर की पूंछ दो पाटों के बीच आ गई थी, जिसका उसे पता ही नहीं लगा।

उसने उत्साहित होकर एक ज़ोरदार झटका मारा और जैसे ही कीला बाहर खिंचा, लठ्ठे के दो चिरे भाग “फटाक” से क्लिप की तरह जुड़ गए — और बीच में फंस गई बंदर की पूंछ। बंदर चिल्ला उठा।

तभी मज़दूर वहां लौटे। उन्हें देखते ही बंदर ने भागने के लिए ज़ोर लगाया तो उसकी पूंछ टूट गई। वह चीखता हुआ टूटी पूंछ लेकर भागा।

Similar Stories
Swipe to see more →